हल्द्वानी मुद्दे पर रेखा आर्य का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी से पूछा बड़ा सवाल

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दलित सम्मान के नाम पर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि उसे उन दलित युवाओं की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए, जो राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कथित धमकियों के कारण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

रेखा आर्य ने कहा कि छुआछूत जैसे संवेदनशील सामाजिक विषय को राजनीतिक मुद्दा बनाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तराखंड की सामाजिक परंपराओं और मर्यादाओं को पूरी तरह समझे बिना इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता समाज को बांटने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी हल्द्वानी की घटना को लेकर लगातार राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उनकी बयानबाजी के बाद कथित तौर पर धमकियों का सामना कर रहे दलित युवाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में दलित समाज के हितों को लेकर गंभीर है, तो उसे इन युवाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

रेखा आर्य ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति से समाज का भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

मंत्री ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा उत्तराखंड की पहचान रहा है। संवेदनशील मामलों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि दलित युवाओं द्वारा सुरक्षा को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर पार्टी की स्पष्ट नीति क्या है।

रेखा आर्य ने दावा किया कि प्रदेश की जनता विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.