अल्मोड़ा में अतिवृष्टि का अलर्ट, 2 सितंबर को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

रानीखेत/अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आपात बैठक बुलाकर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा है।

जिलाधिकारी ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार, 2 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संभावित जोखिमों को कम करना है।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी निर्माण कार्य, जिनमें भू-कटाव, खुदाई या इससे जुड़े जोखिम वाले कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अतिवृष्टि के दौरान सड़क मार्गों पर मलबा आने और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर मलबा आने या सड़क अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोला जा सके।

स्वास्थ्य विभाग को भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में जरूरी तैयारियां बनाए रखने के साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि के दौरान लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर रखें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.