After Header-1

खटीमा को CM धामी की बड़ी सौगात, ऑक्सीजन पार्क के साथ 6 विकास कार्यों का ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने खटीमा के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए क्षेत्र को कई नई सौगातें देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं में नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, खटीमा में स्टेडियम और क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस बनाना तथा वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की यात्रा पर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार और इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर वित्तीय सहायता देने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क से स्थानीय लोगों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। पार्क की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना प्रशासन के साथ आम लोगों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वनों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने से आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने पार्क के विस्तार और वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के नए भवन के निर्माण का अनुरोध करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.