उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेशों में खुलेंगे रोजगार के दरवाजे, भाषा-कौशल प्रशिक्षण पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने कौशल और भाषा प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार की संभावनाओं की नियमित जानकारी जुटाई जाए तथा संबंधित भारतीय मिशनों के साथ लगातार समन्वय रखा जाए।

मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान तीनों देशों में रोजगार के अवसर, कुशल कामगारों की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। यदि उन्हें संबंधित देशों की जरूरत के अनुसार कौशल और भाषा का प्रशिक्षण दिया जाए तो वे वैश्विक रोजगार बाजार में बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जाम्बिया के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि वहां शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन की जरूरत है। राज्य सरकार को संबंधित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

वहीं, जमैका के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि वहां पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि में रोजगार की संभावनाएं हैं। विशेष रूप से प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की मांग का उल्लेख किया गया।

इथियोपिया के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि वहां प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल, फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस क्षेत्र को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराया जा सकता है।

सरकार का उद्देश्य विदेशों में उपलब्ध रोजगार की सही जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के साथ उन्हें जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.