After Header-1

कहानी पर सवाल, फिर भी कमाई में तूफान; ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन छापे करोड़ों

कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर ने रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन इसके बावजूद टिकट खिड़की पर फिल्म की रफ्तार बेहद तेज बनी हुई है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म को हिंदी बाजार से सबसे ज्यादा फायदा मिला, जहां इसकी कमाई करीब 55 करोड़ रुपये रही। कन्नड़ भाषा में फिल्म ने 23.30 करोड़, तेलुगु में 16 करोड़, तमिल में 5.50 करोड़ और मलयालम में 1.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

फिल्म ने पहले दिन कुल 24,579 शो के साथ करीब 120.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया। वहीं, इसका शुरुआती वर्ल्डवाइड कलेक्शन 140.75 करोड़ रुपये बताया गया है। इस आंकड़े ने फिल्म को रिलीज के साथ ही बड़ी फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया है।

‘टॉक्सिक’ की पहले दिन की कमाई ने ‘पठान’ के 57 करोड़, ‘जवान’ के 75 करोड़, ‘एनिमल’ के 63.80 करोड़ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के 95.30 करोड़ रुपये के शुरुआती कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

हालांकि, यश अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर ‘KGF चैप्टर 2’ के 116 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए। इसके अलावा फिल्म रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के 102.55 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड से भी मामूली अंतर से पीछे रही।

फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। अब सभी की नजरें फिल्म के दूसरे दिन और शुरुआती वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.