खेलो इंडिया डायलॉग में PM मोदी का युवाओं से संवाद, जानिए क्या होगा खास

नई दिल्ली, 26 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में खेल के साथ युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी, वॉलंटियरिंग, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को एक मंच पर लाया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का आयोजन मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) की ओर से किया जा रहा है। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों से युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है।

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के बाद स्थानीय स्तर पर भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा, स्वयंसेवक, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि आपस में विचार-विमर्श करेंगे। प्रतिभागियों को देश के प्रमुख खिलाड़ियों और पदक विजेताओं से सीधे बातचीत करने का अवसर भी मिलेगा। युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान युवा अपनी आकांक्षाएं, अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।

इस राष्ट्रीय संवाद में पांच प्रमुख विषयों पर विशेष चर्चा होगी। पहला विषय बेहतर खेल सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के माध्यम से देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है। दूसरा विषय वर्ष 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास से जुड़ा है।

तीसरे विषय में शासन के मंचों और वॉलंटियरिंग के माध्यम से युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। चौथे विषय के तहत नागरिक जिम्मेदारी और भविष्य के कौशल के जरिए युवाओं को विकसित भारत के निर्माण के लिए तैयार करने पर चर्चा होगी। वहीं पांचवां विषय खेल और साथियों के नेटवर्क के माध्यम से नशामुक्त युवा आंदोलन को मजबूत करने से संबंधित है।

प्रधानमंत्री का यह संवाद फिट, अनुशासित और खेल भावना से प्रेरित भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करेगा। साथ ही युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और आकांक्षाओं को देश के विकास से जोड़ने का संदेश भी देगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.