उत्तरकाशी। जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिले की तीनों विधानसभा सीटों में मतदाता सूची के सत्यापन और नोटिसों पर सुनवाई का काम तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी प्रशान आर्य ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में अभियान की प्रगति की जानकारी दी और बताया कि 15 सितंबर को संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीएम ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 558 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और निर्वाचन कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। जिले में कुल 63,717 नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 63,645 नोटिस मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
पुरोला विधानसभा क्षेत्र में 22,423 नोटिस वितरित किए गए, जिनमें से 19,387 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में वितरित 19,594 नोटिसों में से 19,496 पर सुनवाई पूरी हुई है। वहीं गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में 21,628 नोटिसों के वितरण के बाद 17,532 मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
प्रशासन के अनुसार पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पते, उम्र और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन कर रहे हैं। जिले में अब तक 88 प्रतिशत से अधिक कवरेज पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनके नाम, पता या उम्र से संबंधित किसी जानकारी में त्रुटि है तो वे सही विवरण अपने बीएलओ या निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को उपलब्ध कराएं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि SIR के दौरान जारी किए गए नोटिस को लेकर मतदाताओं को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नोटिस का उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का सत्यापन करना और नाम, उम्र या अन्य त्रुटियों को दूर करना है। सभी आवश्यक संशोधनों के बाद 15 सितंबर को मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र और सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।