पंजाब चुनाव में भाजपा का बड़ा ऐलान, 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी; गठबंधन पर भी स्थिति

पटियाला, पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने सोमवार को कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब की सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में सरकार बनाना है और इसी दिशा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

बीएल संतोष दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पंजाब पहुंचे हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने पटियाला में आयोजित जोनल बैठक को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में तेजी लाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा इस बदलाव को राजनीतिक वास्तविकता में बदलने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भाजपा के इस रुख से अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगता दिखाई दे रहा है। इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

सोमवार सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने पर बीएल संतोष का पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना ने स्वागत किया। इसके बाद संतोष ने संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर नेताओं के साथ चर्चा की।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बीएल संतोष पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ जोनल बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

पटियाला जोन की बैठक में मोहाली, पटियाला नॉर्थ, पटियाला अर्बन, पटियाला साउथ, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वहीं बठिंडा जोन की बैठक में बरनाला, मानसा, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के संगठनात्मक प्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

भाजपा के इस फैसले के बाद पंजाब की चुनावी राजनीति में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है। पार्टी अब 117 सीटों पर अपने संगठन और उम्मीदवारों की तैयारी को आगे बढ़ाने पर जोर देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.