99 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद बरपेटा ने कैसे पलटा पूरा मैच?

गुवाहाटी। बरपेटा ब्रेव्स ने रविवार रात गुवाहाटी के असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इतिहास रचते हुए पहली इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में बरपेटा ने गुवाहाटी रॉयल्स को पांच विकेट से शिकस्त दी। 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बरपेटा ने 18.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 166 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।

बरपेटा की जीत में अरुण सोनार ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दबाव के बीच 20 गेंदों पर नाबाद 34 रन की उपयोगी पारी खेली। उनके अलावा ऋषिकेश दास ने 32 गेंदों पर 35 रन और सौरव मौसूम दिहिंगिया ने महज 16 गेंदों पर 33 रन बनाकर टीम की जीत की नींव मजबूत की। अभिलाष मौर्य ने भी 20 गेंदों पर 24 रन का योगदान दिया।

बरपेटा की पारी एक समय मुश्किल में फंस गई थी। टीम ने 99 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय में अरुण सोनार और अभिलाष मौर्य ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर ला दिया। इसके बाद सोनार ने कप्तान कुणाल शर्मा के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इससे पहले गुवाहाटी रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 165 रन बनाए थे। टीम की ओर से रोहित सेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 90 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। कप्तान ऋषव दास ने 34 रन बनाए। बरपेटा के गेंदबाजों में प्रांजल पॉल ने दो विकेट लिए, जबकि शुभम कुमार गुप्ता और दीपज्योति सैकिया को भी दो-दो सफलता मिली।

टूर्नामेंट में गुवाहाटी के बास्तव रॉय का भी शानदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने 23 विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। रोहित सेन 543 रन के साथ ऑरेंज कैप विजेता बने और उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। वहीं नगांव रेंजर्स के अल्ताफ आलम को कैच ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.