देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से की गई सात महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इन फैसलों के दूरगामी और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि घोषणाओं में प्रदेश के विकास, जनकल्याण के साथ युवाओं के भविष्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकारी सेवाओं के साथ गैरसरकारी क्षेत्र में भी स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने की पहल को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, इससे पर्वतीय जिलों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और कारोबार के अवसर मिलेंगे तथा प्रदेश से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
भट्ट ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ‘युवा आयोग’ की स्थापना का निर्णय सरकार की युवाओं के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। आयोग के माध्यम से युवाओं से जुड़े रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य विषयों पर नीतिगत स्तर पर काम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने को लेकर अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और पलायन की चुनौती से निपटने में मदद मिलेगी।
भट्ट ने वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समयसीमा बढ़ाने तथा भूमिधरी अधिकार दिए जाने के फैसले को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही लोगों की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किए जाने को उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत भरा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से विकास और जनकल्याण को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।