758वें उर्स में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, मंत्री खजान दास ने लिया तैयारियों का जायजा

रुड़की। पीरान कलियर स्थित हजरत मखदूम अली साबिर कलियरी के 758वें उर्स का शुभारंभ धार्मिक परंपराओं और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ हुआ। दरगाह के बुलंद दरवाजे पर झंडा लगाकर सज्जादानशीन ने उर्स की शुरुआत की। इसके बाद रात में मेहंदी डोरी की रस्म भी अदा की गई। उर्स के शुभारंभ के मौके पर उत्तराखंड के अल्पसंख्यक कल्याण एवं भाषा मंत्री खजान दास ने पीरान कलियर पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

कैबिनेट मंत्री ने मेला क्षेत्र में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पत्रकारों, सूफी संतों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

इस दौरान खजान दास ने कहा कि भारत सदियों से ‘वसुधैव कुटुंबकम’, सर्वधर्म समभाव और अनेकता में एकता की भावना का प्रतीक रहा है। देश के विभिन्न संतों और सूफी परंपराओं ने समाज को प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि साबिर साहब का संदेश भी आध्यात्मिक प्रेम और आपसी सौहार्द का है, जो देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचता है।

मंत्री के पीरान कलियर पहुंचने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उर्स कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों ने उन्हें आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कव्वाली कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर मंत्री ने अपनी सहमति जताई।

अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी और उर्स कमेटी के सचिव-संयोजक ने बताया कि उर्स के दौरान चांद की 11वीं तारीख को छोटी रोशनी, 12वीं तारीख को बड़ी रोशनी और 13वीं तारीख को कुल शरीफ का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष चांद की तारीख के अनुसार ये प्रमुख आयोजन 26, 27, 28 और 29 अगस्त के आसपास होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, किसान आयोग सदस्य राव काले खां, भगवानपुर सीओ सुमित पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उर्स कमेटी पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.