पौड़ी/देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर उत्साह बढ़ने लगा है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी से अभियान का शुभारंभ करते हुए लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस दौरान पाबौ, सांकरसैंण और पौड़ी में आयोजित तिरंगा यात्राओं में हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। भारत माता की जय के जयघोष के बीच लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांकरसैंण में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उन वीरों को याद करने और उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों और विशेषकर युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और यह राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करता है।
डॉ. रावत ने बताया कि आगामी 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्राओं समेत विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय पाबौ में मंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा, भविष्य की योजनाओं और नवाचार से जुड़े विषयों पर चर्चा कर उनके सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे उत्तराखंड और देश के विकास में योगदान दे सकें।