देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति समाज को जागरूक करने के साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें और उत्तराखंड के विकास में अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने व्यक्तिगत भविष्य तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। आर्थिक या अन्य कारणों से किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जरूरतमंद परिवारों तक सहयोग पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए बेहतर अवसर मिलना जरूरी है। उन्हें खेल, तकनीक, प्रशासन, शिक्षा, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देती है। यदि बच्चों को शिक्षा और सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए तो वे प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वेबसाइट और स्मारिका के माध्यम से समिति की गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और समाज से जुड़े विभिन्न प्रयासों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई गई।