श्रीनगर। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार को यात्रा मार्ग पर स्थित विश्राम गृहों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रीनगर गढ़वाल स्थित मंदिर समिति के यात्री विश्राम गृह का स्थलीय जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्री आवास, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से विश्राम गृहों के रखरखाव और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी मिलने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मानसून के बाद चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। ऐसे में यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विश्राम गृहों में आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा मंदिर समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्राम गृहों में कर्मचारियों की उपलब्धता, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था की भी समीक्षा की। इसके साथ ही यात्रियों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और उनके आधार पर व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए।
बीकेटीसी अध्यक्ष अपने भ्रमण कार्यक्रम के तहत इसके बाद रुद्रप्रयाग स्थित यात्री विश्राम गृह का भी निरीक्षण करेंगे। रविवार को वह केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। वहां श्रावण मास के अवसर पर आयोजित शिवमहापुराण कथा में शामिल होने के साथ ही केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति श्रद्धालुओं को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यात्रा के दूसरे चरण में व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं में आगे भी लगातार सुधार किया जाएगा।