29 अगस्त को खुलेगा उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

देहरादून। उत्तराखंड में खेलों के क्षेत्र में एक नया अध्याय 29 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र विधिवत प्रारंभ होगा। प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालय के संचालन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 122 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट की इस स्वीकृति के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय के शुभारंभ की तैयारियों की जानकारी दी।

खेल मंत्री ने बताया कि 29 अगस्त को देव पूजन के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दिन उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार राज्य को ऐसा संस्थान मिलेगा जो खेल शिक्षा, खेल विज्ञान और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए समर्पित होगा।

रेखा आर्या ने कहा कि विश्वविद्यालय के सफल संचालन के लिए प्रदेश कैबिनेट ने 122 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इन सभी पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किए जाएंगे, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। विश्वविद्यालय में शैक्षणिक, तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न पदों पर नियुक्तियां होने से स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का भी लाभ मिलेगा।

खेल मंत्री ने विश्वास जताया कि यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और युवा खिलाड़ियों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण तथा करियर निर्माण का मजबूत मंच साबित होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.