उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने शुक्रवार को न्यू पुलिस लाइन लदाड़ी का निरीक्षण कर निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, पुलिस फैमिली क्वार्टर और फायर स्टेशन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने सबसे पहले निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने न्यू पुलिस लाइन स्थित पुलिस आवासीय भवनों और फैमिली क्वार्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी फायर स्टेशन लदाड़ी भी पहुंचे, जहां उन्होंने वॉच रूम, कंट्रोल रूम, कार्यालय, सरकारी अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और रेस्क्यू संसाधनों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन वाहन और उपकरण हर समय पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि संसाधनों का नियमित परीक्षण, उचित रखरखाव और अनुशासित कार्यप्रणाली ही आपदा के समय प्रभावी एवं त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करती है। उन्होंने फायर स्टेशन और आवासीय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, फायर स्टेशन प्रभारी खजान सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।