उत्तराखंड को स्किल हब बनाने की तैयारी, मुख्य सचिव ने दिए बड़े निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और कौशल विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार ने तेजी से काम शुरू करने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्लेसमेंट की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए जिससे युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इसके लिए युवाओं की रुचि, स्थानीय उद्योगों की मांग और क्षेत्रीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कौशल विकास योजनाओं में बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। यदि सभी विभाग एक साझा मंच पर काम करेंगे तो युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तराखंड को देश का प्रमुख ‘स्किल हब’ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने सचिव, कौशल विकास को निर्देश दिए कि सेतु आयोग की सलाह लेते हुए सभी संबंधित विभागों, उद्योगों और अन्य हितधारकों को शामिल कर एक समग्र डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किया जाए। इस डैशबोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षण, रोजगार, प्लेसमेंट और योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सकेगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि बदलती तकनीक और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को समय-समय पर अपडेट करना जरूरी है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का युवा आधुनिक कौशल से लैस होकर देश और विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सके। अधिकारियों को कौशल विकास कार्यक्रमों में तेजी लाने और उन्हें परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश भी दिए गए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.