अरुणाचल में 4 घंटे में 5 बार कांपी धरती, लगातार झटकों से बढ़ी लोगों की चिंता

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह लगातार आए भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। महज चार घंटे के भीतर पांच बार धरती कांपी, जिससे कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

भारतीय भूकंप विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, भूकंप के सभी झटके उपर सियांग जिले में दर्ज किए गए। पहला झटका सुबह 3:40 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.8 थी। इसका केंद्र जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

इसके कुछ ही मिनट बाद सुबह 3:55 बजे दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। इसका केंद्र लगभग 7 किलोमीटर की गहराई में था। इसके बाद सुबह 4:34 बजे तीसरा झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.8 रही और इसका केंद्र 13 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

सबसे शक्तिशाली भूकंप सुबह 5:45 बजे आया, जिसकी तीव्रता 5.1 मापी गई। इस झटके ने लोगों को सबसे अधिक प्रभावित किया और कई स्थानों पर लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों की ओर निकल गए। इस भूकंप का केंद्र जमीन से 11 किलोमीटर नीचे था।

इसके बाद सुबह 7:17 बजे पांचवां भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.5 रही। इसका केंद्र लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में था। लगातार भूकंप आने के कारण स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, हालांकि किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में आता है और यह भूकंप जोन-5 में स्थित है। इसी कारण यहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.