शेख हसीना पहली बार होंगी लाइव, बांग्लादेश की बढ़ी चिंता

नई दिल्ली। भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करीब दो साल बाद पहली बार लाइव मीडिया संवाद करने जा रही हैं। बुधवार को वह वर्चुअल माध्यम से विदेशी पत्रकार क्लब की प्रेसवार्ता में शामिल होंगी और पत्रकारों के सीधे सवालों का जवाब देंगी। भारत आने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब हसीना सार्वजनिक तौर पर अपनी बात रखेंगी। इससे पहले वह समय-समय पर लिखित बयान जारी करती रही हैं।

शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। उनके आगामी मीडिया कार्यक्रम की जानकारी सामने आने के बाद ढाका में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। बांग्लादेश सरकार ने भारत के सामने इस कार्यक्रम को लेकर अपनी आपत्ति जताते हुए इसे रोकने की अपील की है।

बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने सवाल उठाया कि एक भगोड़े नेता को भारत में राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति कैसे दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देश भविष्य में संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं और ऐसी गतिविधियां इस प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने भारत से इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

हालांकि, भारत ने बांग्लादेश की आपत्ति पर साफ कर दिया है कि शेख हसीना का मीडिया कार्यक्रम निजी मामला है। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। मीडिया सीधे हसीना से संपर्क कर रहा है और इंटरव्यू देना या नहीं देना उनका व्यक्तिगत फैसला है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हसीना का सार्वजनिक रूप से सामने आना बांग्लादेश की मौजूदा सरकार के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है। वह अपने समर्थकों और आम जनता के बीच अपना पक्ष रखने के साथ अपनी राजनीतिक छवि मजबूत करने की कोशिश कर सकती हैं।

बांग्लादेश सरकार पहले भी शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है और इसके लिए औपचारिक अनुरोध भी किया गया है। हालांकि, भारत में इस संबंध में अभी कोई कानूनी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। ऐसे में उनका आगामी मीडिया संवाद दोनों देशों के बीच पहले से संवेदनशील संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.