धामी सरकार का बड़ा फैसला, 227 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 227 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इनमें हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 से जुड़े घाट और आस्था पथ के निर्माण से लेकर देहरादून में सड़क को चौड़ा करने तथा पुलिस भवन निर्माण की योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले में पुलिस चौकी सुल्तानपुर के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए 241.48 लाख रुपये के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 96.59 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही देहरादून के 1.650 किलोमीटर लंबे न्यू कैंट मार्ग को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड करने की योजना को भी मंजूरी मिली है। इसके तहत यूटिलिटी और वाटर सप्लाई लाइन की शिफ्टिंग के लिए 11.95 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को देखते हुए हरिद्वार में गंगा किनारे बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है। सिंचाई विभाग के तहत चंडी घाट के डाउनस्ट्रीम गौरीशंकर क्षेत्र में गंगा के बाएं किनारे घाट और आस्था पथ के निर्माण के लिए 98.18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वहीं, चंडी घाट के डाउनस्ट्रीम बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा के दाहिने किनारे घाट और आस्था पथ के निर्माण के लिए 115.91 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

पूर्व सैनिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से 36.84 लाख रुपये स्वीकृत किए जाएंगे।

इसके अलावा सार्वजनिक निकायों और उपक्रमों में कार्यरत सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई है। अब 1 जनवरी 2026 से महंगाई राहत की दर बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.