देहरादून में वोटर लिस्ट की जमीनी जांच शुरू, डीएम खुद पहुंचे घर-घर सत्यापन की हकीकत देखने

देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार को खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और मतदाता सूची सुधार अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने देहरादून के अजबपुर कलां क्षेत्र में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे नोटिस वितरण और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वे स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर पहुंचे, जहां बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नाम संबंधी विसंगति के कारण नोटिस दिया जा रहा था। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को बारीकी से देखा और अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए एक स्पष्ट फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट तैयार की जाए, ताकि घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। तैयार सामग्री को तत्काल सभी बीएलओ तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर देहरादून जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वहीं, वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के बीच मिलान नहीं होने या विवरण अधूरा पाए जाने के कारण करीब 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित मतदाताओं के घर जाकर व्यक्तिगत रूप से नोटिस उपलब्ध कराएं और पूरी प्रक्रिया की फोटो निर्वाचन आयोग के निर्धारित ऐप पर अपलोड करें। जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित समय सीमा में सावधानीपूर्वक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर विशेष गहन पुनरीक्षण के नामित सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली और बीएलओ विभांशु भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.