रुड़की में सीएम धामी का बड़ा संदेश, मेधावी छात्रों को सम्मानित कर शिक्षा पर कही अहम बात

  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार जिले के रुड़की में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि परिश्रम, अनुशासन और अच्छे संस्कार के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा तथा भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्या भारती ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से देशभर में शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 में गोरखपुर से शुरू हुआ सरस्वती शिशु मंदिर आज एक विशाल शैक्षिक आंदोलन बन चुका है। वर्तमान में विद्या भारती के माध्यम से देशभर में लगभग 45 लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि उत्तराखंड में संगठन के 562 विद्यालयों में करीब सवा लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने संस्था के आचार्यों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने देश में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईटी लैब, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, भारत भ्रमण कार्यक्रम, मॉडल कॉलेजों की स्थापना और छात्रावास निर्माण जैसे कई नवाचार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर, रुड़की की अध्यक्ष कौशल्या देवी आर्या, विद्या भारती के केंद्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ला, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.