राहुल ने अमित शाह से पूछे 2 बड़े सवाल, छात्रों पर कार्रवाई को लेकर घेरा

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखते हुए सरकार से जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पत्र साझा कर आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे छात्रों पर सुरक्षा बलों ने अत्यधिक बल प्रयोग किया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर आंसू गैस और अन्य बल प्रयोग किए गए। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में पैलेट गन का भी इस्तेमाल हुआ, जिसे लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। राहुल ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई घायल छात्र दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब से मिले, जिसकी आंख में पैलेट गन की गोली लगने से उसकी दृष्टि पर खतरा मंडरा रहा है।

अपने पत्र में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से दो प्रमुख सवाल पूछे हैं। पहला, क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन सहित घातक बल प्रयोग की मंजूरी गृह मंत्रालय की ओर से दी गई थी, और यदि नहीं, तो इसकी अनुमति किसने दी। दूसरा, सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठीचार्ज करते दिखाई देने वाले लोग कौन थे। उन्होंने पूछा कि क्या वे पुलिसकर्मी थे या स्वयंसेवक, और उनकी तैनाती किसके आदेश पर की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए संवाद के माध्यम से उनकी शिकायतों का समाधान करे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई कथित हिंसा ने लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाई है और देशभर में आक्रोश का माहौल पैदा किया है। उन्होंने कहा कि देश के युवा और छात्र जवाब और जवाबदेही चाहते हैं तथा सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.