फिल्म ‘आदिपुरुष’ की रिलीज के करीब तीन साल बाद इसके संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने पहली बार खुलकर अपनी गलती स्वीकार की है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इस फिल्म के संवाद लिखना और बाद में उनका बचाव करना उनके जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। उन्होंने देशवासियों से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि फिल्म से अगर किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका गहरा अफसोस है।
मनोज मुंतशिर ने कहा कि “‘आदिपुरुष’ मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी और उसका बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं पूरे देश से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।” उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि फिल्म को लेकर उठ रहा विवाद समय के साथ शांत हो जाएगा, लेकिन रिलीज के दो दिन के भीतर ही उन्हें अपनी भूल का एहसास हो गया था।
उन्होंने स्वीकार किया कि आज जब वह फिल्म के संवादों को याद करते हैं तो उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। उनके अनुसार, वह आज भी यह समझ नहीं पाते कि उन्होंने उस समय ऐसे संवाद कैसे लिख दिए। उन्होंने माना कि दर्शकों की नाराजगी पूरी तरह उचित थी और इस पूरे विवाद ने उन्हें एक लेखक के रूप में बहुत कुछ सिखाया।
गौरतलब है कि निर्देशक ओम राउत के निर्देशन में बनी ‘आदिपुरुष’ जून 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सैनन ने माता सीता और सैफ अली खान ने रावण की भूमिका निभाई थी। रामायण पर आधारित इस फिल्म को रिलीज के बाद संवादों, पात्रों के चित्रण और वीएफएक्स को लेकर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था। विशेष रूप से भगवान हनुमान और रावण से जुड़े संवादों पर देशभर में विवाद खड़ा हो गया था।
विवाद बढ़ने के बाद फिल्म निर्माताओं ने कुछ संवादों में बदलाव भी किया, लेकिन दर्शकों की नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई। हाल ही में अभिनेत्री कृति सैनन ने भी स्वीकार किया था कि फिल्म को लेकर मिली आलोचना ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से काफी दुख पहुंचाया था। अब मनोज मुंतशिर के इस सार्वजनिक माफीनामे ने एक बार फिर ‘आदिपुरुष’ को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।