अभिजीत दिपके को क्या हुआ? सामने आई बड़ी स्वास्थ्य अपडेट

नई दिल्ली। सोशल मीडिया अभियान से चर्चा में रहने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दिपके टाइफाइड से पीड़ित हैं। इसकी जानकारी उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा कर स्वयं दी। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके बाद कराई गई जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें नियमित रूप से दवाएं और आईवी फ्लूइड दिए जा रहे हैं।

अभिजीत दिपके ने अपनी पोस्ट में बताया कि कई दिनों से अस्वस्थ होने के कारण वे सार्वजनिक गतिविधियों से दूर थे। उन्होंने लिखा कि ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि हुई है और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें रोज सुबह और शाम आईवीएस (इंट्रावेनस फ्लूइड) लगाए जा रहे हैं ताकि जल्द स्वास्थ्य लाभ मिल सके।

दिपके ने इस दौरान देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे अपने समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का साथ उन्हें लगातार हौसला दे रहा है। उन्होंने सभी से संयम बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील भी की।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही अभिजीत दिपके ने पहली बार अपनी खराब तबीयत की जानकारी साझा की थी। उस समय उन्होंने तेज बुखार होने की बात कही थी। बाद में कराई गई चिकित्सकीय जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई।

उधर, शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्र आंदोलन लगातार जारी है। देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। इसी बीच दिपके की बीमारी की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि उपचार के साथ-साथ वे आंदोलन और समर्थकों से जुड़े मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.