कृषि मंत्री गणेश जोशी का बड़ा निर्देश, कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत होगा फैसला?

उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उनके कैंप कार्यालय में राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उत्तराखंड के तकनीकी कर्मचारी संघ की ओर से विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन कृषि मंत्री को सौंपा।

ज्ञापन में विभाग के तकनीकी कर्मचारियों को कृषि विभाग के फील्ड कर्मचारियों की तर्ज पर वाहन भत्ता दिए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा उद्यान पर्यवेक्षक (वर्ग-3), सहायक विकास अधिकारी (वर्ग-2) तथा ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक (वर्ग-1) के वेतनमान में संशोधन किए जाने की भी मांग की गई। कर्मचारी संघ ने विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े 415 आउटसोर्स उद्यान सहायक एवं माली के पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का भी आग्रह किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ज्ञापन में शामिल सभी बिंदुओं का संज्ञान लेते हुए सचिव कृषि को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि विभागीय कार्यों में और अधिक गति एवं प्रभावशीलता लाई जा सके।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमानुसार शीघ्र निर्णय लिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यान विभाग राज्य की कृषि एवं बागवानी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से विभागीय कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।

बैठक के दौरान विभागीय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा हुई। कर्मचारी संघ को उम्मीद है कि सरकार के निर्देशों के बाद उनकी लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.