उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर एक वांछित शातिर अभियुक्त को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश कई दिनों से थी।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ को उत्तराखंड और अन्य राज्यों के वांछित, इनामी तथा सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसएसपी एसटीएफ के नेतृत्व में गठित टीम लगातार बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंग के सदस्यों का सत्यापन कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत एसटीएफ देहरादून और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आयुष वेदांग शर्मा, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मंडी (हिमाचल प्रदेश) को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के थाना सदर मंडी में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को आरोपी ने मंडी निवासी विनय कुमार शर्मा के घर में घुसकर तमंचे के बल पर उन्हें और उनके परिजनों को डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी दी थी। इस घटना के बाद थाना सदर मंडी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 131 और 133 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आयुष वेदांग शर्मा पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ मंडी जिले में अन्य मामले भी दर्ज हैं। एसटीएफ और हिमाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी को कानून के शिकंजे में लाने में सफलता मिली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है।