उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी (सेवानिवृत्त) ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उनके अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद औपचारिक रूप से आयोजित की गई।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनके सफल, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग प्रदेश के युवाओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगा।
राज्यपाल ने कहा कि लोक सेवा आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी अपने प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का उपयोग करते हुए आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों के बीच आयोग के दायित्वों, सुशासन तथा राज्य के युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने आयोग की भूमिका को राज्य के प्रशासनिक ढांचे के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं का चयन विकास की प्रक्रिया को नई गति देता है।
अंत में राज्यपाल ने लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को उनके नए दायित्व के लिए पुनः शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि उनका कार्यकाल उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता और दक्षता को और मजबूत करेगा।