कांवड़ यात्रा से पहले स्वास्थ्य विभाग का बड़ा प्लान, 24 घंटे मिलेगी चिकित्सा सुविधा

देहरादून। 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चिन्हित चेक पोस्टों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक एमआरपी पर डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय की तैनाती रहेगी। यहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा चिन्हित श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल क्षेत्र में स्थापित मेडिकल रिलीफ पोस्ट 24 घंटे संचालित रहेंगी। इन केंद्रों पर रोस्टर के अनुसार अलग-अलग शिफ्ट में चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा कर्मियों को यात्रा अवधि के दौरान पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.