उत्तरकाशी में क्यों होगा इस बार खास सुमन दिवस? डीएम ने दिए बड़े निर्देश

उत्तरकाशी। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस को इस वर्ष जनपद उत्तरकाशी में व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और श्रीदेव सुमन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि 25 जुलाई को सुमन दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनजागरूकता और प्रेरणा के अभियान के रूप में मनाया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि टिहरी जनक्रांति के महानायक अमर शहीद श्रीदेव सुमन का बलिदान उत्तराखंड के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। इसलिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सुमन दिवस के अवसर पर श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही उनके जीवन, विचारों, संघर्ष और बलिदान पर आधारित विचार गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से परिचित हो सके।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों में सुमन दिवस के उपलक्ष्य में भाषण, निबंध, चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएचओ) रजनीश सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार तथा श्रीदेव सुमन समिति के नागेंद्र दत्त थपलियाल, प्रताप बिष्ट, प्रताप पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.