खुला था रेलवे फाटक, तभी स्कूल वाहन से टकराई ट्रेन… 3 छात्रों समेत 4 की दर्दनाक मौत

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन स्कूली छात्रों और एक स्थानीय निवासी समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा आजीमगंज–कटवा रेलखंड पर कर्णसुबर्ण स्टेशन और गोबिंदपुर रेलवे फाटक के बीच सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब एक लोकल ट्रेन ने स्कूल वाहन को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, निमतिता–कटवा लोकल ट्रेन डाउन लाइन पर तेज रफ्तार से आ रही थी। उसी दौरान एक निजी स्कूल का वाहन, जिसमें कई छात्र सवार थे, खुले रेलवे फाटक से ट्रैक पार करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कुछ ही देर पहले हावड़ा जाने वाली नबद्वीप एक्सप्रेस के गुजरने के बाद भी गोबिंदपुर रेलवे फाटक खुला छोड़ दिया गया था। फाटक खुला देखकर स्कूल वाहन चालक और एक साइकिल सवार ने रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की, तभी दूसरी दिशा से आ रही लोकल ट्रेन ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों तथा अन्य घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

हादसे में चार अन्य छात्र और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बहरामपुर रेफर किया गया।

इस हादसे के बाद रेलवे फाटक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि फाटक समय पर बंद किया गया होता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे प्रशासन भी यह पता लगाने में जुटा है कि फाटक खुला क्यों था और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.