उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को बहुप्रतीक्षित लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा किया और अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को जल, सिंचाई और ऊर्जा के क्षेत्र में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) और निर्माण एजेंसी एलएंडटी को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया। गौरतलब है कि पहले यूजेवीएनएल ने इस परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के लिए आवश्यकतानुसार मशीनों और मैनपावर की संख्या बढ़ाई जाए और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्य सचिव ने परियोजना के लिए पीईआरटी (PERT) चार्ट तैयार कर उसके शत-प्रतिशत अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की निगरानी में समय पर पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी और समीक्षा करने को भी कहा, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा का समय रहते समाधान किया जा सके। मुख्य सचिव ने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसियां समन्वित प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने में सफल होंगी।