रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पर फायरिंग करने वाले कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में डिबडिबा क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाफरपुर कट के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा संदिग्ध कार रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी भाग निकले। पीछा करने के दौरान यूनिटी लॉ कॉलेज के पास उनकी बिना नंबर की कार तारबाड़ से टकरा गई।
इसके बाद बदमाश खेतों की ओर भाग गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से जितेंद्र चौधरी, सुमित राठौर और चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायल आरोपी का जिला अस्पताल रुद्रपुर में उपचार चल रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि गैंगवार, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।