डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर अजय भट्ट का बड़ा संदेश, कार्यकर्ताओं से की खास अपील

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर उनके राष्ट्रवादी विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल सांसद अजय भट्ट ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का उनका संकल्प आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ है। उन्होंने इसे डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम को विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, राजेंद्र बिष्ट और दिनेश आर्या ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन को राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी देशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं।

सम्मेलन में राज्य मंत्री गंभीर धामी, साकेत अग्रवाल, तरुण दत्ता, उत्तम दत्ता, श्रीपाल राणा, नेत्रपाल मौर्य, रश्मि रस्तोगी, मोहनी पोखरियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक अक्षय अरोरा तथा सह-संयोजक विजय तोमर, प्रमोद मित्तल और रचित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.