देहरादून। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors Day) के अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित ‘पांचवें डॉक्टर ऑफ द ईयर अवार्ड-2026’ समारोह में प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे, ताकि भविष्य की तकनीकों के अनुरूप चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया जा सके और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी। साथ ही लंबित पदोन्नति प्रक्रिया भी शत-प्रतिशत पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए अलग कैडर तैयार किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों को तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए मेडिकल कॉलेजों में योग और मेडिटेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनका मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’ सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला सम्मान है।
समारोह में प्रदेशभर से चयनित 32 उत्कृष्ट चिकित्सकों को ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर-2026’ सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा तीन चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और तीन डॉक्टरों को आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। विभिन्न सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल ने की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और शिक्षा का अत्यधिक व्यवसायीकरण समाज के कमजोर वर्गों के हित में नहीं है। वहीं, अन्य वक्ताओं ने आयुष चिकित्सा के महत्व, मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और चिकित्सकों के सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार रखे। समारोह में प्रदेश के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।