सितारगंज। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बुधवार को सितारगंज नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया, स्थानीय समस्याएं सुनीं और उन्हें शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के अनुरूप क्षेत्र में सभी वर्गों के लिए समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
वार्ड नंबर-4 में आयोजित जनसभा के दौरान राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद और पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कब्रिस्तान रोड के निर्माण के लिए करीब 14 लाख रुपये का टेंडर जारी हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं नमाजगाह के लिंटर निर्माण के लिए लगभग 36.50 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री सिद्ध गर्त्यांग गांव पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन श्री हेमवती नंदन बहुगुणा बैडमिंटन हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह बैडमिंटन हॉल जल्द तैयार होगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने गांव के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मंत्री बहुगुणा ने शक्तिफार्म क्षेत्र के ग्राम बसगर में भी ग्रामीणों से मुलाकात की। यहां लोगों ने सड़क निर्माण सहित अन्य स्थानीय समस्याएं उनके सामने रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा उन्होंने कल्याणपुर में भारतीय सेना में 32 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले एक पूर्व सैनिक के अभिनंदन समारोह में भाग लेकर उनका सम्मान किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करने वाले लोगों का सम्मान करना भी अपनी जिम्मेदारी मानती है।