भाजयुमो का बड़ा अभियान, हर बूथ पर 20 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

 देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से महानगर कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में युवाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुलदीप पंत ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए मंडल स्तर पर शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, बूथ युवा प्रमुखों तथा वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति शीघ्र पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।

उन्होंने पार्टी के “एक बूथ–20 यूथ” अभियान को युवाओं के बीच संगठन विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं को भाजपा की विचारधारा और गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया। कुलदीप पंत ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी मजबूती मिलेगी।

जिला सह प्रभारी संजय तोमर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बैठक में 28 जून को आयोजित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सभी मंडलों में व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा 15 से 30 जुलाई के बीच प्रस्तावित युवा संवाद कार्यक्रम, 3 से 10 अगस्त तक खेल प्रतियोगिताओं और खिलाड़ी सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष समर गुप्ता, विमल चौधरी, राहुल भट्ट, सौरभ शर्मा, विपिन कांबोज, सागर सोनकर समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.