उत्तरांचल यूनिवर्सिटी का वैश्विक परचम, SDG रैंकिंग 2026 में भारत के टॉप-10 में बनाई जगह

देहरादून स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी ने सतत विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट रैंकिंग्स 2026 में विश्वविद्यालय ने भारत के अग्रणी संस्थानों में स्थान हासिल करते हुए देश के शीर्ष संस्थानों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस उपलब्धि ने उत्तरांचल यूनिवर्सिटी को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

जारी रैंकिंग के अनुसार, विश्वविद्यालय को संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के अंतर्गत एसडीजी-16 (शांति, न्याय एवं सशक्त संस्थान) में भारत में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा एसडीजी-13 (जलवायु कार्रवाई) में सातवां, एसडीजी-2 (भुखमरी मुक्त विश्व) में 16वां और एसडीजी-7 (सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा) में 21वां स्थान हासिल हुआ है। इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ उत्तरांचल यूनिवर्सिटी देश के उन चुनिंदा शिक्षण संस्थानों में शामिल हो गई है, जो सतत विकास के लक्ष्यों को शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर भी प्रभावशाली प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2025 में जहां संस्थान 801-1000 बैंड में शामिल था, वहीं 2026 में यह 601-800 बैंड तक पहुंच गया है। यह 200 बैंड की महत्वपूर्ण छलांग विश्वविद्यालय की गुणवत्ता, शोध गतिविधियों और सामाजिक प्रभाव को दर्शाती है। इस वर्ष जारी रैंकिंग में 116 देशों एवं क्षेत्रों के 1,600 से अधिक विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन संयुक्त राष्ट्र के 17 सतत विकास लक्ष्यों के आधार पर किया गया।

विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने इस उपलब्धि को अकादमिक उत्कृष्टता और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उपाध्यक्ष अंकिता जोशी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की देन है। कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि ने इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावशाली शोध और सतत विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की भूमिका की विशेष सराहना करते हुए सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.