चारधाम को बम से उड़ाने की धमकी के बाद क्या हैं हालात? बीकेटीसी अध्यक्ष ने दिया बड़ा अपडेट

उत्तराखंड के चारधाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सोशल मीडिया और ई-मेल के जरिए प्रसारित धमकी भरे संदेशों के बाद चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इस बीच, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बताया है।

हेमंत द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से दूरभाष पर वार्ता कर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री तथा अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम सहित सभी चारधामों में सुरक्षा के पर्याप्त और सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसरों और यात्रा मार्गों पर पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। इसके अलावा श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हुई है। संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख स्थलों की लगातार निगरानी की जा रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से धमकी देने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और अन्य स्तरों पर जांच कर रही हैं।

हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा, जिसमें बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा शामिल है, पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। कहीं भी किसी प्रकार की बाधा या असामान्य स्थिति नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों से अपील की कि वे केवल प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार, प्रशासन और बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.