जसपाल राणा की त्रयोदशी में पहुंचे राजनाथ सिंह, परिवार से मिलकर कही भावुक बात

देहरादून में बुधवार को देश के प्रसिद्ध निशानेबाज और पद्मश्री सम्मानित स्वर्गीय जसपाल राणा की त्रयोदशी के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मझौन स्थित कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत खेल हस्ती को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राजनाथ सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और खेल जगत में उनकी उपलब्धियां हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वर्गीय जसपाल राणा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है और खेलों के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और खजान दास, सांसद डॉ. महेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी तथा विधायक पंकज सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जसपाल राणा के व्यक्तित्व, खेल उपलब्धियों और देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.