दन्या से सीएम धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड को आध्यात्मिक महाशक्ति बनाने की तैयारी

 अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जिले के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया और क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों सहित सभी क्षेत्रों का संतुलित एवं समेकित विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे प्रदेश में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

सीएम धामी ने कहा कि जागेश्वर धाम के प्राचीन स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत वहां व्यापक विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धामों के संरक्षण और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के माध्यम से स्थानीय मेलों, सांस्कृतिक आयोजनों और पारंपरिक उत्सवों को नई पहचान मिल रही है। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.