रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली की बढ़ती दरों, स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों और बिजली विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने शनिवार को बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर जनजागरूकता अभियान के तहत पोस्टरों का विमोचन किया।
विमोचित पोस्टरों में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कई नारे लिखे गए हैं। इनमें “ये बिजली परान ले लेही, बीजेपी ने दिया 440 का झटका”, “बीजेपी, बिजली और बिल, साय सरकार में सब बेड फिल” तथा “चैन से सोना है तो जाग जाओ, बिजली नहीं लालटेन जलाओ” जैसे संदेश शामिल हैं। विकास उपाध्याय ने कहा कि इन पोस्टरों के माध्यम से जनता तक बिजली संकट और बढ़ते आर्थिक बोझ की वास्तविक स्थिति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन पोस्टरों को राजधानी रायपुर स्थित बिजली कार्यालयों के बाहर और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाया जाएगा।
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राज्य में लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने कहा कि महंगी बिजली दरों, अनियमित बिलिंग, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से आम उपभोक्ता पहले ही परेशान हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटरों के कारण आने वाले कथित अनाप-शनाप बिजली बिल लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर जल्द से जल्द इन्हें हटाने पर विचार करे।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान लागू बिजली बिल हाफ योजना से लाखों परिवारों को राहत मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने 400 यूनिट तक मिलने वाली छूट समाप्त कर दी है। इससे महंगाई के दौर में आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
विकास उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने जनता से भी अपने अधिकारों के लिए आगे आने और बिजली संबंधी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।