प्राकृतिक खेती पर भाजपा का बड़ा फोकस, किसानों को मिला क्या नया संदेश?

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा शनिवार को भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, नवीबाग करोंद में प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन जयंती भाई बंभानिया उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी और दीर्घकालिक समाधान प्रस्तुत करती है। इस पद्धति से खेती की लागत कम होती है और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा मिलता है।

अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए एक लाभदायक विकल्प बनकर उभर रही है। उन्होंने बताया कि रासायनिक उर्वरकों और महंगे कृषि निवेश पर निर्भरता कम होने से किसानों की उत्पादन लागत घटती है, जिससे उन्हें अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

कार्यशाला के दौरान कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को जैविक संसाधनों के उपयोग, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन के महत्व से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की और किसानों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती अर्चना सिंह, सुश्री राजो मालवीय, जसवंत सिंह हाड़ा, चेतन भार्गव, मनोज लधवे, मुकेश राय, राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.