15 लाख युवाओं को मिली बड़ी सौगात, पहली नौकरी पर 15 हजार रुपये तक की मदद

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि देश की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना केंद्र और राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

देशभर में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने योजना के तहत 15 लाख से अधिक युवाओं और श्रमिकों के खातों में लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। उत्तराखंड में भी इस योजना के तहत करीब छह हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को 24 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उद्योगों को अधिक रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है। वहीं, नए कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले संस्थानों को चार वर्षों तक प्रति अतिरिक्त कर्मचारी तीन हजार रुपये प्रतिमाह तक प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दिशा में रोजगार सृजन, कौशल विकास और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के साथ-साथ उद्योग जगत को भी मजबूती प्रदान करेगी। कार्यक्रम में लाभार्थी कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से उत्तराखंड सहित पूरे देश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.