देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता राज्य में कार्यकर्ताओं को भ्रमित कर केवल राजनीतिक पर्यटन करने आ रहे हैं। भाजपा का कहना है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है और उसका दुष्प्रचार अभियान भी अब असरहीन साबित हो रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेता उत्तराखंड पहुंचते तो हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के बजाय जल्द ही वापस लौट जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता यहां रुकते भी हैं, वे झूठ, भ्रम और अनर्गल बयानबाजी के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा करने की कोशिश करते हैं और आगामी चुनावों में जीत के हवाई किले खड़े करते हैं।
महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश की वास्तविक स्थिति कांग्रेस के कार्यकर्ता और आम जनता दोनों अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन वर्ष 2017 और 2022 के चुनाव परिणामों से भी कमजोर रहने वाला है। भाजपा नेता ने कहा कि जनता का भरोसा लगातार भाजपा और उसकी विकासपरक नीतियों पर बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास और विरासत’ के मूल मंत्र के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में बुनियादी ढांचे, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों का लाभ जनता को मिल रहा है।
महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके केंद्रीय नेतृत्व को उत्तराखंड की प्रगति रास नहीं आ रही है। इसी कारण पार्टी के नेता लगातार नकारात्मक राजनीति कर राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास करते हैं। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के आधार पर भाजपा को अपना समर्थन देती रहेगी।