खटीमा में UCC कैंप में उमड़ी भीड़, जानिए लोगों को एक ही जगह कौन-कौन सी सेवाएं मिलीं

खटीमा। उत्तराखंड सरकार की जनसेवा और सुशासन की पहल को आगे बढ़ाते हुए खटीमा के ग्राम बगुलिया स्थित शहीद हरि किसान इंटर कॉलेज, अशोक फार्म में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) एवं ‘अपनी सरकार’ रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं उपस्थित रहे और शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को सरकारी सेवाएं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके निकटतम स्थान पर उपलब्ध कराना था। साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रियाओं और जनसेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

राज्य सरकार की ‘अपनी सरकार जन-जन के द्वार’ पहल के तहत आयोजित इस शिविर में नागरिकों को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और सेवाओं तक उनकी पहुंच अधिक सरल एवं सुगम बन सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और पंजीकरण प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की टीम, वीएलई साथियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

सरकार का मानना है कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। साथ ही डिजिटल सेवा वितरण प्रणाली को मजबूत करने में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान है।

उत्तराखंड सरकार के “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के संकल्प के अनुरूप आयोजित यह शिविर नागरिकों को सशक्त बनाने और शासन की सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.