रूस को बड़ा झटका! परमाणु क्षमता वाला बॉम्बर विमान अचानक हुआ क्रैश

 मास्को। रूस की रणनीतिक सैन्य शक्ति को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसका अत्याधुनिक टीयू-22एम3 बॉम्बर विमान प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। साइबेरिया के इरकुत्स्क क्षेत्र में हुए इस हादसे ने रूसी रक्षा तंत्र को सतर्क कर दिया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार चारों पायलट समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहे और उनकी जान बच गई।

रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुआ टीयू-22एम3 विमान नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद विमान नियंत्रण से बाहर हो गया और इरकुत्स्क क्षेत्र के कामेंका गांव के पास जंगल में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया।

सोशल मीडिया और रूसी मीडिया में सामने आए कुछ वीडियो में विमान को तेज रफ्तार से नीचे गिरते हुए दिखाया गया है। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। दुर्घटना के बाद दमकल और बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जांच में इंजन फेल होने को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

टीयू-22एम3 रूस के सबसे महत्वपूर्ण लंबी दूरी के रणनीतिक बॉम्बर विमानों में से एक है। नाटो इसे ‘बैकफायर’ नाम से पहचानता है। सोवियत काल में विकसित इस विमान को समय-समय पर आधुनिक तकनीकों से अपग्रेड किया गया है। रूस ने इसका उपयोग सीरिया और यूक्रेन में कई सैन्य अभियानों के दौरान भी किया है।

इस विमान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता है। यह केएच-22 क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ रूस की अत्याधुनिक हाइपरसोनिक किंझल मिसाइल भी ले जाने में सक्षम है। इसलिए इस विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना रूस की सामरिक क्षमता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटना माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.