वॉशिंगटन। अमेरिका के मिसौरी राज्य में रविवार को एक भीषण विमान दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब स्काइडाइविंग के लिए यात्रियों को लेकर जा रहा एक छोटा विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास हुई, जो कैनसस सिटी से लगभग 105 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान के जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में सभी 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं, दमकल कर्मियों और राहत-बचाव दलों को तत्काल मौके पर भेजा गया।
बताया गया है कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे विमान दुर्घटना और आग लगने की सूचना मिली थी। बचाव दल ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक विमान पूरी तरह जल चुका था। अधिकारियों ने घटनास्थल के दृश्य को बेहद भयावह बताया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का संचालन स्काइडाइव कैनसस सिटी नामक कंपनी कर रही थी। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने रनवे से उड़ान भरने के तुरंत बाद बाईं ओर मोड़ लिया था। शुरुआती संकेतों से आशंका जताई जा रही है कि टेकऑफ के कुछ क्षण बाद विमान के इंजन की शक्ति अचानक कम हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, पायलट ने विमान को सुरक्षित वापस उतारने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण बनाए रखने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और एक खुले खेत में जा टकराया। अधिकारियों ने कहा कि हादसे से पहले किसी यात्री के विमान से कूदने या बच निकलने के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
हादसे का शिकार हुआ विमान पैसिफिक एयरोस्पेस 750XL मॉडल का सिंगल-इंजन टर्बोप्रॉप विमान था, जिसका उपयोग आमतौर पर स्काइडाइविंग और हवाई सर्वेक्षण कार्यों में किया जाता है। फिलहाल फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की टीमें दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही हैं।