स्लोवाकिया में पीएम मोदी का ऐतिहासिक स्वागत, ‘रोटी और नमक’ से किया गया सम्मान

 ब्रातिस्लावा। फ्रांस की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के अगले चरण में स्लोवाकिया पहुंच गए हैं। स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में उनका गर्मजोशी और पारंपरिक सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया गया। यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद वहां का दौरा करने वाले नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

ब्रातिस्लावा हवाई अड्डे पर स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। स्वागत के दौरान स्थानीय परंपरा के अनुसार उन्हें ‘रोटी और नमक’ भेंट किया गया। स्लोवाक संस्कृति में यह परंपरा सम्मान, मित्रता और आतिथ्य का प्रतीक मानी जाती है।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से यह बैठक अहम मानी जा रही है।

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ स्मारक पर जाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा उनके सम्मान में डेन्यूब नदी के किनारे विशेष हाई-टी कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद राष्ट्रपति की ओर से उनके सम्मान में राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के स्वागत को सांस्कृतिक रंग देने के लिए स्लोवाकिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह ‘लुसनिका एन्सेम्बल’ ने ‘वंदे मातरम्’ की शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर भारतीय और स्लोवाक सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने कलाकारों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुति की सराहना की।

वहीं, स्लोवाकिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों में भी प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने ‘मोदी-मोदी’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.