Vikasnagar सांप्रदायिक हिंसा: BJP नेता की हत्या के बाद तनाव, चार गिरफ्तार
बेहद तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में : सिंचाई के एक पुराने विवाद को लेकर हुई वारदात, खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठन और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए, उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी झड़पें, इलाके में इंटरनेट बंद
चाणक्य मंत्र ब्यूरो
विकासनगर/ सहसपुर। उत्तराखंड के Dehradun जिले में आने वाले सहसपुर कोतवाली क्षेत्र का बैरागीवाला गांव इस समय सुलग रहा है। भाजपा के ओबीसी (OBC) मोर्चा के मीडिया प्रभारी विनोद की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद से पूरे इलाके में जबरदस्त सांप्रदायिक तनाव है। सिंचाई के एक पुराने विवाद को लेकर हुई इस वारदात ने देखते ही देखते एक बेहद संवेदनशील मोड़ ले लिया, जिसके बाद उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी झड़पें देखने को मिलीं।
विनोद की हत्या की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठन और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोश इस कदर भड़का कि बेकाबू भीड़ ने मुख्य आरोपी के घर में आग लगा दी। मृतक के परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर नहीं चलेगा, तब तक वे शव का पंचनामा नहीं होने देंगे। तनाव को बढ़ता देख प्रशासन ने एहतियातन इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। भारी आक्रोश के बीच जब पुलिस ने स्थिति को संभालने और भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की, तो नाराज लोगों ने पुलिस टीम पर ही पथराव शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और मुख्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया। पुलिस ने अब तक घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, कानून-व्यवस्था हाथ में लेने और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में तीन नामजद और 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी के अनुसार, पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भी उबाल है। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने गांव का दौरा कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। जनता की शिकायत पर कि अधिकारी संकट के समय फोन नहीं उठाते, विधायक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए यहां तक कह दिया कि वे लापरवाह अधिकारियों की पदोन्नति रुकवा कर रहेंगे। वहीं, दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने इस घटना को हिंदुओं की सुरक्षा पर बड़ा खतरा बताते हुए देश के अन्य हिस्सों में हुए ऐसे ही मामलों से इसकी तुलना की है। फिलहाल पूरे विकासनगर क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है और पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।